बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म के मामले में आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से परेशान पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के समर्थक लगातार उसे धमका रहे हैं, जिससे वह और उसका परिवार भय के साये में जीने को मजबूर हैं।
पीड़िता ने आवेदन में बताया कि उसकी शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी प्रशांत नारंग उर्फ बंटू, निवासी 27 खोली, बिलासपुर के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी और ब्लैकमेलिंग सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसके बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के समर्थक लगातार उसके पास पहुंचकर जान से मारने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रहे हैं। इन धमकियों के चलते वह स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी के लोग कथित तौर पर कह रहे हैं कि पहले पूरे हालात अपने पक्ष में किए जाएंगे, उसके बाद ही आरोपी आत्मसमर्पण करेगा। पीड़िता ने इसे न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने पीड़िता को जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।



