रायपुर। राजधानी के अमलीडीह स्थित पुलिस कॉलोनी में पदस्थ एक आरक्षक (कांस्टेबल) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कुलदीप मिश्रा के रूप में हुई है, जो पुलिस लाइन रायपुर में तैनात थे और DCP के गनमैन के रूप में कार्यरत थे। घटना के बाद न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- भिलाई स्टील प्लांट लोहा चोरी कांड: रसूखदार कारोबारी भास्कर मुदलियार गिरफ्तार, आरोपियों की संख्या 17 हुई
न्यू राजेंद्र नगर एसीपी नवनीत पाटिल के अनुसार, 1 अगस्त की देर रात आरक्षक कुलदीप मिश्रा द्वारा कथित रूप से सल्फास का सेवन करने की सूचना मिली थी। जहर का सेवन करने के बाद जब तबीयत बिगड़ने लगी, तब कुलदीप ने फोन कर अपने एक साथी आरक्षक को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजनों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले में मर्ग क्रमांक 38/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी कि किन परिस्थितियों के चलते आरक्षक को यह कदम उठाना पड़ा।



