भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में हुए करोड़ों रुपये के बहुचर्चित लोहा चोरी कांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में संलिप्तता पाए जाने पर रसूखदार कारोबारी भास्कर मुदलियार को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस संगठित गिरोह में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या अब 17 हो गई है।
यह भी पढ़े :- घर में घुसा तेंदुआ, सो रहे दो ग्रामीणों पर किया हमला; आक्रोशित लोगों ने मार डाला तेंदुए
जांच में खुली गाड़ियों की संलिप्तता
भिलाई नगर CSP सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर वैशाली नगर निवासी भास्कर मुदलियार की भूमिका उजागर हुई। आरोपी की गाड़ियां लंबे समय से प्लांट के भीतर संचालित हो रही थीं। चोरी में इस्तेमाल किए गए वाहनों से उसके सीधे संबंध मिलने और पूछताछ के बाद पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
अफसरों की मदद से चल रहा था नेटवर्क
CSP तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह केवल लोहा चोरी का सामान्य मामला नहीं है, बल्कि प्लांट के भीतर और बाहर फैला एक संगठित नेटवर्क है।
पुलिस जांच में पहले ही खुलासा हो चुका है कि BSP के तत्कालीन जनरल मैनेजर हिमांशु भूषण मलिक और असिस्टेंट जनरल मैनेजर मनोज कुमार देवांगन इस गिरोह के संपर्क में थे। वे प्लांट के अंदर से गिरोह की मदद करते थे। आरोपी फ्लू डस्ट (Flu Dust) में आयरन स्क्रैप मिलाकर गाड़ियों को बाहर भेजते थे, जिसे बाद में ‘एके ट्रेडर्स’ में डंप किया जाता था।
3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
उल्लेखनीय है कि 6 मई 2026 को भिलाई-3 पुलिस ने अकलोरडीह स्थित एके ट्रेडर्स और हथखोज में दबिश दी थी। इस कार्रवाई के दौरान लगभग 250 टन लौह स्क्रैप, कई ट्रक, हाईवा, जेसीबी और हाईड्रा वाहन जब्त किए गए थे, जिनकी कुल कीमत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच जारी, कई और नाम आ सकते हैं सामने:
पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। आने वाले दिनों में इस संगठित गिरोह से जुड़े कई और बड़े चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।



