जांजगीर-चांपा। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले फरार पति-पत्नी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को नया रायपुर से दबोचा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लैपटॉप, टैबलेट, मोबाइल फोन, बैंक चेकबुक सहित कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 24 मई को हेमदत्त केशरवानी ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान मारुति विहार कॉलोनी निवासी हरिशंकर गुप्ता और उनकी पत्नी रेखा गुप्ता से थी। दोनों ने खुद को शेयर ट्रेडिंग का जानकार बताते हुए निवेश पर भारी मुनाफा और कम समय में रकम दोगुनी करने का दावा किया।
आरोप है कि भरोसा जीतने के बाद दंपति ने शिकायतकर्ता समेत कई लोगों से चेक और आरटीजीएस के माध्यम से करीब 2.04 करोड़ रुपये अपने खातों में जमा कराए। शुरुआती दौर में विश्वास बनाए रखने के लिए उन्होंने करीब 40 लाख रुपये निवेशकों को लौटाए, लेकिन बाद में शेष रकम वापस करने से इनकार कर दिया और फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान चांपा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर नया रायपुर में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों को जांच के लिए जब्त कर लिया है। अधिकारियों का मानना है कि जांच से ठगी के पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी सामने आ सकती है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



