जांजगीर-चांपा। जिले की साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े म्यूल अकाउंट (Mule Account) नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक बैंक कर्मचारी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कमीशन के लालच में लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें दूसरे राज्यों में सक्रिय साइबर ठगी गिरोहों को उपलब्ध कराने का आरोप है।
यह भी पढ़े :- अमरजीत भगत का सरकार पर हमला: खाद, महादेव केस और राम मंदिर चंदे को लेकर उठाए सवाल”
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के माध्यम से कर्नाटक और महाराष्ट्र में दर्ज तीन साइबर ठगी के मामलों में 1,62,149 रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को 10 से 15 हजार रुपये कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद खातों की जानकारी और संचालन का अधिकार साइबर अपराधियों को सौंप दिया जाता था, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम ट्रांसफर और निकालने के लिए किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बैंक कर्मचारी भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—
हरिशंकर श्रीवास (48), निवासी डोंगाघाट चौक, तपसीद्वार, चांपा
अनिल नामदेव उर्फ चेतन (33), निवासी महादेव घाट, हटवारा चौक, चांपा
राजेश सोनी उर्फ रिंकु सोनी (30), निवासी धोबीपारा, चांपा
संदीप सिंह ठाकुर (36), निवासी परशुराम चौक, चांपा
कमल विरानी (38), निवासी बरपाली चौक, चांपा
सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस का कहना है कि म्यूल अकाउंट नेटवर्क की जांच अभी जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। आने वाले दिनों में मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
पुलिस की अपील
साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के कहने पर कमीशन या अन्य लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, ओटीपी या इंटरनेट बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी को न दें। इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल होना या अपना बैंक खाता उपलब्ध कराना भी अपराध है और खाताधारक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।



