रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर हुई बहस के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली, किसानों को खाद की उपलब्धता, महादेव ऑनलाइन बेटिंग मामले की जांच, धार्मिक मुद्दों और कांग्रेस संगठन में संभावित बदलाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
यह भी पढ़े :- RAIPUR : के. के. रोड मौदहापारा अब कहलाएगा ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’
अमरजीत भगत ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव का उद्देश्य सरकार की कथित नाकामियों को सदन के सामने लाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता से जुड़े मूल मुद्दों से भटक रही है। भगत ने भाजपा और आरएसएस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश की राजनीति को गलत दिशा में ले जाने का प्रयास किया जा रहा है।
राम मंदिर चंदे पर पारदर्शिता की मांग
राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे का जिक्र करते हुए अमरजीत भगत ने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि मंदिर निर्माण के लिए एकत्रित धनराशि का उपयोग किस तरह किया गया। उन्होंने पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने और आय-व्यय का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की।
खाद संकट को लेकर सरकार पर निशाना
किसानों को खाद नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि समय पर उर्वरक उपलब्ध नहीं होने से किसान परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार कृषि क्षेत्र की समस्याओं से निपटने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने में विफल रही है। उन्होंने रोजगार गारंटी योजना समेत कई सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठाए।
महादेव बेटिंग केस की निष्पक्ष जांच की मांग
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और स्काईएक्सचेंज से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए भगत ने कहा कि यदि इस मामले में बड़ा वित्तीय नेटवर्क शामिल है तो इसकी निष्पक्ष और व्यापक जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच के जरिए पूरे मामले की वास्तविक सच्चाई सामने आनी चाहिए।
राम प्रतिमा स्थापना को लेकर सरकार पर हमला
चंद्रखुरी स्थित माता कौशल्या धाम में भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापना के मुद्दे पर भी अमरजीत भगत ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उनका आरोप था कि सरकार धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों पर घोषणाएं तो कर रही है, लेकिन जमीन पर काम दिखाई नहीं दे रहा।
PCC अध्यक्ष पद पर हाईकमान के फैसले का इंतजार
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर पूछे गए सवाल पर अमरजीत भगत ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। उन्होंने कहा कि सरगुजा और बस्तर दोनों आदिवासी क्षेत्र हैं और संगठन में क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि टी.एस. सिंहदेव, चरणदास महंत और भूपेश बघेल जैसे वरिष्ठ नेता कांग्रेस की ताकत हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय करेगा, संगठन उसी के अनुसार आगे की रणनीति तय करेगा।



