रायपुर : बस्तर पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में नगरनार थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 12 किलो 700 ग्राम गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़े :- साउथ बिहार एक्सप्रेस के सामने कूदा युवक, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास दो संदिग्ध युवकों के गांजा लेकर वाहन का इंतजार करने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना मिलते ही नगरनार थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले हरिओम शर्मा और मोनू चौरसिया के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान दोनों के काले रंग के पिट्ठू बैग से छह पैकेटों में कुल 12 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 6 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत अपराध दर्ज किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना नगरनार की टीम के निरीक्षक संतोष सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



