अंबिकापुर : उदयपुर क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शासन द्वारा संचालित ‘सोमनाथ स्वाभिमान यात्रा’ पर गए एक व्यक्ति के रहस्यमयी तरीके से लापता होने की खबर सामने आई।
यह भी पढ़े :- बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से UP ले जाया जा रहा 6.35 लाख का गांजा जब्त, 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
पलका गांव निवासी 48 वर्षीय पूरन राम पोर्ते, जो बड़े उत्साह के साथ इस तीर्थ यात्रा पर निकले थे, अब अपनों से कोसों दूर कहीं गायब हो चुके हैं। घटना काफी चौकाने वाली है। पूरन राम 26 जून 2026 की सुबह वापसी यात्रा कर रहे थे, लेकिन महाराष्ट्र के जलगांव रेलवे स्टेशन से उनका कोई अता-पता नहीं चल रहा है।
यात्रा के दौरान अपने साथियों के साथ मौजूद पूरन राम का सफर के बीच अचानक गायब हो जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। परिजनों का आरोप है कि सरकारी संरक्षण में गई यात्रा के दौरान ऐसी लापरवाही कैसे हुई? उनके गायब होने के बाद से परिवार गहरे सदमे में है।
इस मामले में परिजनों ने कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल और सरगुजा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मामले में संज्ञान लेने की मांग की है और लापता व्यक्ति को जल्द खोजने की गुहार लगाई है। भुसावल रेलवे पुलिस ने इस मामले में मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है।



