Hydrogen Train : देश के रेल इतिहास में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब दौरे के दौरान जींद रेलवे स्टेशन से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन सेल (Hydrogen Fuel Cell) आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह स्वदेशी ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच चलेगी। इसके साथ ही भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों की कतार में खड़ा हो गया है, जिनके पास हाइड्रोजन ट्रेन के संचालन की तकनीक है।
यह भी पढ़े :- ED की रडार पर स्पोर्ट्स प्रेजेंटर शेफाली बग्गा: महादेव सट्टा ऐप मामले में रायपुर में हुई लंबी पूछताछ
प्रधानमंत्री ने इस ऐतिहासिक दौरे पर करीब 25,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
‘जीरो एमिशन’: पानी की भाप छोड़ेगी, प्रदूषण से मिलेगी मुक्ति
पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार की गई यह ट्रेन पर्यावरण के लिहाज से बेहद क्रांतिकारी है।
शून्य कार्बन उत्सर्जन: ट्रेन में हाइड्रोजन से बिजली बनाई जाती है, जिससे यह संचालित होती है। इस पूरी प्रक्रिया में केवल जलवाष्प (वाटर वेपर) बाहर निकलती है, जिससे प्रदूषण शून्य रहता है।
ओवरहेड वायर की जरूरत नहीं: पारंपरिक इलेक्ट्रिक ट्रेनों की तरह इस रूट पर ओवरहेड बिजली लाइनों की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि बिजली ट्रेन के भीतर ही खुद तैयार होती है।
दुनिया की सबसे शक्तिशाली ट्रेन: 10 कोच वाली यह ट्रेन दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन यात्री ट्रेनों में से एक है। साथ ही 3,200 हॉर्स पावर की क्षमता के साथ यह दुनिया की सबसे ताकतवर हाइड्रोजन ट्रेनों में शुमार की गई है।
हरियाणा को ₹14,700 करोड़ के प्रोजेक्ट्स, सफर होगा आसान
प्रधानमंत्री ने जींद में एक विशाल जनसभा को संबोधित करने के साथ हरियाणा को 14,700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें सबसे महत्वपूर्ण सड़क और रेल कनेक्टिविटी से जुड़े प्रोजेक्ट्स हैं:
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे: पीएम ने इस एक्सप्रेसवे के 157.92 किमी लंबे हिस्से (लागत ₹9,680 करोड़) का उद्घाटन किया। इससे दिल्ली से कटरा की दूरी 14 घंटे से घटकर सिर्फ 6 घंटे और दिल्ली से अमृतसर की दूरी 8 घंटे से घटकर 4 घंटे रह जाएगी। इससे माता वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे: 40.60 किमी लंबे इस हाईवे के चालू होने से अब जींद से गोहाना का सफर 2 घंटे के बजाय सिर्फ 40 मिनट में पूरा होगा।
अंबाला-काला आंब हाईवे: हरियाणा और हिमाचल को जोड़ने वाले इस 33.81 किमी लंबे हाईवे से उद्योगों की परिवहन लागत घटेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक: पीएम ने इसे राष्ट्र को समर्पित किया, जिससे शहर के लोगों को रेलवे फाटकों के जाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। (Hydrogen Train)
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने हांसी-बरवाला ब्राउनफील्ड हाईवे परियोजना की आधारशिला रखी और कुरुक्षेत्र एलिवेटेड ट्रैक का उद्घाटन किया। इसके बाद पीएम चंडीगढ़ और पंजाब के जालंधर के लिए रवाना हुए, जहां वे कई अन्य बड़ी विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। (Hydrogen Train)



