महासमुंद। जिले में जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बागबाहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम घुचापाली स्थित चंडी मंदिर के पीछे जंगल में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारा। पुलिस ने मौके से 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया, जबकि 4 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने देर रात घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोग भागने लगे, लेकिन 12 आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 लाख 60 हजार 100 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 14 मोबाइल फोन, 5 मोटरसाइकिल, 2 कार और एक सीएफएल बल्ब जब्त किया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 20 लाख 35 हजार 100 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 112 (छोटे संगठित अपराध) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार चार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।



