कोरबा। शहर के कलेक्टोरेट परिसर के समीप स्थित भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) कार्यालय में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नाइट शिफ्ट में तैनात एक सुरक्षाकर्मी का शव कार्यालय के भीतर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- प्रार्थना सभा को लेकर विवाद, धर्मांतरण के आरोप के बाद पुलिस जांच में जुटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 25 वर्षीय विनोद सोनवानी के रूप में हुई है, जो आरा मशीन क्षेत्र का निवासी था और एलआईसी कार्यालय में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत था। रविवार रात उसकी नाइट ड्यूटी थी। सोमवार सुबह जब परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो उसने फोन रिसीव नहीं किया। लगातार संपर्क नहीं होने पर उसके पिता कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने बेटे को फंदे से लटका देखा।
घटना की जानकारी मिलते ही एलआईसी कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तत्काल सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और मौके पर मिले कुछ सामान को जांच के लिए जब्त किया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों और कार्यालय के कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मी ने यह कदम कब और किन परिस्थितियों में उठाया। अभी तक घटना के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।



