नई दिल्ली, 04 जुलाई। PM Modi Australia Visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 से 10 जुलाई के प्रस्तावित ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले उन्हें सोशल मीडिया पर धमकी मिलने का दावा किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम के प्रचार से जुड़ी एक फेसबुक पोस्ट पर कथित तौर पर धमकी भरी टिप्पणी की गई, जिसके बाद ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस (AFP) ने जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट के अनुसार, अबू मुस्तफा नाम के एक फेसबुक अकाउंट से पोस्ट पर टिप्पणी की गई कि कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत बंद रहनी चाहिए, अन्यथा प्रधानमंत्री अपनी मौत के लिए ऑस्ट्रेलिया आएंगे। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियों ने इस पोस्ट से जुड़े आईपी एड्रेस की पहचान कर ली है।
9 जुलाई को प्रस्तावित है कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी का ऑस्ट्रेलिया दौरा 8 से 10 जुलाई तक प्रस्तावित है। इस दौरान 9 जुलाई को मेलबर्न के मार्वल स्टेडियम में आयोजित होने वाले ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम में उनके शामिल होने की संभावना है।
जांच जारी, गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं
धमकी की सूचना मिलने के बाद मामला ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस को सौंप दिया गया। हालांकि, अब तक पुलिस की ओर से किसी गिरफ्तारी या आधिकारिक बयान की पुष्टि नहीं की गई है।
सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के दौरान ऑस्ट्रेलियन फेडरल पुलिस, राज्य पुलिस और अन्य विशेष सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी। प्रधानमंत्री की नजदीकी सुरक्षा स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) के जिम्मे होगी, जबकि कार्यक्रम स्थल, होटल, एयरपोर्ट और यात्रा मार्ग की सुरक्षा मेजबान देश की एजेंसियां सुनिश्चित करेंगी।
इसके अलावा, दोनों देशों की खुफिया एजेंसियां संभावित सुरक्षा खतरों को लेकर लगातार सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगी और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा.



