कांकेर। छत्तीसगढ़ के Kanker जिले में अंधविश्वास फैलाकर लाखों की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। Chhattisgarh Police की बांदे पुलिस ने महाराष्ट्र के Nagpur और Gadchiroli से गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4.96 लाख रुपये नकद और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीवी-104 दीपनगर निवासी बलराम सरकार (53) ने 25 जून 2026 को थाना बांदे में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 17 मई को साधु के वेश में एक व्यक्ति पांच पैर वाले नंदी बैल के साथ उनके घर पहुंचा। भीख लेने के बाद उसने दावा किया कि घर में सोना गड़ा हुआ है और उसे निकालने से परिवार की बीमारियां दूर हो जाएंगी।
आरोपी ने “स्वयं सुंदरी भस्म” नामक दवा खरीदने की सलाह दी और अपना मोबाइल नंबर देकर पीड़ित को गढ़चिरौली बुलाया। वहां एक कथित आयुर्वेदिक दुकान से पीड़ित ने 52 हजार रुपये देकर भस्म खरीदी।
इसके बाद 2 जून को आरोपी अपने दो साथियों के साथ पीड़ित के घर पहुंचे। पूजा-पाठ के दौरान घर से एक कलश निकालकर उसमें सोने जैसी वस्तुएं दिखाईं और लाल कपड़े में बांधते हुए चेतावनी दी कि बिना अनुमति इसे खोलने पर परिवार के किसी सदस्य की मौत हो जाएगी। इसी डर का फायदा उठाकर आरोपियों ने “नव जीवन अमृत भस्म” खरीदने के नाम पर पीड़ित से 4 लाख 44 हजार रुपये और ऐंठ लिए।
बार-बार पैसों की मांग होने पर पीड़ित को संदेह हुआ। जब उसने कलश खोलकर देखा तो उसमें रखी 21 कथित सोने की मूर्तियां घिसने पर पीतल की निकलीं। इसके बाद ठगी का खुलासा हुआ और पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना बांदे पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर महाराष्ट्र में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।



