जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात में नाइट टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित लेजर लाइट परियोजना वर्षों बाद भी शुरू नहीं हो सकी है। कई बार परीक्षण होने के बावजूद यह योजना आज तक नियमित रूप से संचालित नहीं हो पाई, जिससे करोड़ों रुपये की परियोजना पर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़े :- नकटी गांव में विधायक कॉलोनी के लिए बेदखली शुरू, भारी विरोध के बीच 80 मकानों पर चला बुलडोजर
जानकारी के अनुसार, लेजर लाइट सिस्टम लगाने वाले ठेकेदार ने परियोजना का औपचारिक हैंडओवर संबंधित विभाग को नहीं किया। इसके चलते रखरखाव नहीं हो सका और समय के साथ कई लाइटें, उपकरण तथा लेजर शो में उपयोग होने वाली बैटरियां भी गायब हो गईं। इतना ही नहीं, इस परियोजना का आज तक औपचारिक उद्घाटन भी नहीं हो पाया है।
वर्तमान में चित्रकोट जलप्रपात परिसर में लगाए गए पोल तो दिखाई देते हैं, लेकिन उन पर रोशनी नहीं जलती। पर्यटकों का कहना है कि यदि लेजर शो शुरू हो जाए तो रात के समय भी चित्रकोट जलप्रपात देश-विदेश के पर्यटकों के लिए बड़ा आकर्षण बन सकता है।
स्थानीय लोगों ने भी करोड़ों रुपये की इस परियोजना के वर्षों से बंद पड़े रहने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सरकारी धन से तैयार की गई इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ न पर्यटकों को मिल रहा है और न ही स्थानीय पर्यटन को।
मामले पर चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने संबंधित विभाग से जानकारी लेकर स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि आखिर यह बहुप्रतीक्षित लेजर लाइट परियोजना कब शुरू होगी और चित्रकोट में नाइट टूरिज्म का सपना कब साकार होगा।



