CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। 22 जून को Dantewada के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करने वाला मानसून महज 24 घंटे के भीतर राज्य के लगभग 75 प्रतिशत हिस्से तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि जल्द ही कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कबीरधाम जिले के शेष हिस्सों में भी मानसून दस्तक दे सकता है। अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है।
मंगलवार शाम राजधानी Raipur में जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया। झमाझम बारिश के बाद प्रदेशभर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया। मंगलवार को सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान Rajnandgaon में 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (CG Weather Update)
प्रदेश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी वर्षा रिकॉर्ड की गई। सर्वाधिक 5-5 सेंटीमीटर बारिश डौंडी और नांगर में दर्ज की गई। वहीं मैनपुर और धमतरी में 4-4 सेंटीमीटर वर्षा हुई। सरसीवा, कांकेर, कुकरेल, दरभा, नगरी, धानोरा, भटगांव, मगरलोड, जगदलपुर, राजनांदगांव, बड़े राजपुर और तोकापाल में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कई अन्य क्षेत्रों में 1 से 2 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
27 जिलों में बारिश, तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट
India Meteorological Department (मौसम विभाग) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए बारिश और तेज आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर समेत कुल 27 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
आज रायपुर में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को रायपुर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
फिलहाल मानसून की सक्रियता से प्रदेशभर में मौसम सुहावना बना हुआ है और किसानों समेत आम लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। (CG Weather Update)



