दुर्ग। भिलाई नगर थाना क्षेत्र में एक 62 वर्षीय महिला से तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और निवेश के नाम पर करीब 85 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने महिला को मानसिक डर और झांसे में लेकर लगातार रकम ऐंठी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- सहकारी समितियों में 4 करोड़ से अधिक की आर्थिक अनियमितता, एसीबी ने 3500 पन्नों का चालान पेश किया
जानकारी के अनुसार, पीड़िता संगीता कश्यप की शिकायत पर पुलिस ने जबलपुर निवासी पवन बधौलिया के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
शिकायत में बताया गया है कि नवंबर 2023 में महिला की मुलाकात रायपुर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान आरोपी से हुई थी। बातचीत के दौरान महिला ने अपनी घरेलू परेशानियों का जिक्र किया, जिसके बाद आरोपी ने दावा किया कि वह तंत्र-मंत्र और विशेष पूजा-पाठ कराने वाले लोगों से जुड़ा है, जो सभी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।
इसके बाद आरोपी ने महिला को लगातार फोन कर प्रेत बाधा, जिन्न और ग्रह दोष का डर दिखाना शुरू किया। धीरे-धीरे उसने पूजा-पाठ और “समस्या समाधान” के नाम पर पैसे वसूलने शुरू कर दिए।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने निवेश और शेयर बाजार में पैसा लगाने पर अधिक मुनाफा दिलाने का भी झांसा दिया। इस दौरान महिला और उसके बेटे के बैंक खातों से अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम ट्रांसफर कराई गई।
मामले को और गंभीर बनाते हुए आरोपी ने पैसे वापस मांगने पर खुद की कलाई काटकर फोटो व्हाट्सएप पर भेजी और दावा किया कि उसे मुंबई क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। इस झांसे में आकर महिला से और करीब 7 लाख रुपए ठग लिए गए।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि बाद में महिला के पति का सड़क हादसा हुआ और उनकी मृत्यु हो गई, जिसके बाद आरोपी ने इसी मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर लगातार पैसे ऐंठने का सिलसिला जारी रखा।
दुर्ग एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि महिला की शिकायत और बैंक ट्रांजेक्शन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आरोपी की भूमिका और पूरे लेनदेन की विस्तृत जांच कर रही है।a



