कोरबा, 20 जून। Congress Attack on Centre : NEET पेपर लीक मामले और विभिन्न भर्ती व प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कोरबा में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों से लाखों छात्रों और युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है, जबकि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाती रही है। उन्होंने कहा कि नीट सहित कई भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का सरकारी व्यवस्था पर से विश्वास कमजोर कर दिया है।
केंद्र सरकार से पूछे चार बड़े सवाल
जयसिंह अग्रवाल ने केंद्र सरकार को घेरते हुए सवाल किया कि आखिर पेपर लीक रोकने के लिए अब तक कौन से ठोस कदम उठाए गए हैं? परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कितनी प्रभावी कार्रवाई हुई है? युवाओं को रोजगार देने के किए गए वादों का क्या हुआ? और बार-बार सामने आ रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों की जिम्मेदारी कौन लेगा?
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
पूर्व मंत्री ने मांग की कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। दोषियों और परीक्षा माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाया जाए। उन्होंने एंटी-पेपर लीक कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने की भी मांग उठाई।
जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यह सिर्फ एक परीक्षा का मामला नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों से जुड़ा गंभीर विषय है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के रोजगार और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।



