कोरबा। दीपावली से पहले कोरबा शहर में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए मंदिरों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। शहर में अलग-अलग मंदिरों में चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में नाराजगी है। सबसे चौंकाने वाली घटना सिविल लाइन थाना के पास स्थित हनुमान मंदिर में सामने आई है, जहां चोरों ने महज 24 घंटे के भीतर दो बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़े :- दो महीने से बिना अध्यक्ष के CGPSC, 608 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू अटके; 26 नवंबर की भर्ती पर भी मंडराया संकट
आरोपियों ने मंदिर की दान पेटियां चोरी करने के बाद चांदी के मुकुट पर भी हाथ साफ कर दिया। वहीं, निहारिका साडा कॉलोनी के शिव मंदिर में भी दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी की गई है।
आधी रात मंदिर में घुसा चोर, दान पेटी तोड़कर ले गया नकदी
चोरी की एक घटना निहारिका साडा कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में हुई। जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 12 बजकर 13 मिनट पर एक अज्ञात व्यक्ति मंदिर में दाखिल हुआ। उसने मंदिर की दान पेटी का ताला तोड़ा और उसमें रखी नकदी लेकर मौके से फरार हो गया।
चोर की यह करतूत मंदिर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पॉश कॉलोनी में मंदिर को निशाना बनाए जाने से स्थानीय रहवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब शहर की कॉलोनियों में स्थित मंदिर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
हनुमान मंदिर में चोरों की दुस्साहसिक वारदात, दो बार की चोरी
चोरी की दूसरी घटना सिविल लाइन थाना के नजदीक स्थित हनुमान मंदिर में हुई। यहां चोरों ने 24 घंटे के अंदर दो बार मंदिर में प्रवेश कर चोरी की।
बताया जा रहा है कि पहली वारदात में आरोपी मंदिर की दो दान पेटियां लेकर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने दोबारा मंदिर को निशाना बनाया और भगवान का चांदी का मुकुट चोरी कर लिया। थाने के पास स्थित मंदिर में लगातार दो बार चोरी होने से पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
CCTV फुटेज के सहारे चोरों तक पहुंचने की कोशिश
मंदिरों में चोरी की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों और मंदिरों में रिकॉर्ड हुए फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
दीपावली जैसे बड़े त्योहार से ठीक पहले आस्था के केंद्रों को निशाना बनाए जाने से श्रद्धालुओं में आक्रोश है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इन वारदातों में शामिल आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर पाती है।




