कोरबा, 20 जून। Child Safety : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया इलाके में 12 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़, मारपीट और लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पीड़िता के रिश्तेदार युवक ने नकली गन दिखाकर बच्ची को डराया, उसके साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर मारपीट करते हुए 30 हजार रुपए लेकर फरार हो गया। आरोपी के साथ उसके दो साथी भी बताए जा रहे हैं।
जमीन के सौदे को लेकर आया था आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक बिलासपुर से कोरबा आया था। वह पीड़िता के पिता से जमीन के सौदे और पैसों के लेनदेन के सिलसिले में मिलने पहुंचा था। इस दौरान उसके साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे। बताया गया कि बातचीत के दौरान आरोपी और पीड़िता के पिता कोहड़िया क्षेत्र के पास जंगल किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पीड़िता के पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह बेहोश हो गए।
पिता की चीख सुनकर पहुंची बेटी, आरोपी ने दिखाई नकली गन
पिता की आवाज सुनकर 12 वर्षीय बेटी मौके पर पहुंची। आरोप है कि आरोपी ने नकली गन दिखाकर उसे डराया और उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर नाबालिग से मारपीट भी की गई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसके बैग में रखे 30 हजार रुपए भी छीन लिए, जो उसके पिता के थे।
मेडिकल जांच में हुई पुष्टि
घटना के बाद पीड़िता ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सीएसईबी चौकी पुलिस ने बयान दर्ज कर नाबालिग को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच में छेड़छाड़ और मारपीट की पुष्टि हुई है।
पास्को समेत कई धाराओं में मामला दर्ज
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार है। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पास्को एक्ट, लूट, मारपीट और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी और उसके दो साथियों की तलाश जारी है तथा जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।



