कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के बागबुड़ा गांव में 55 वर्षीय किसान परदेसी राम कंवर की कीटनाशक सेवन के बाद मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, वह करीब तीन एकड़ जमीन पर खेती करते थे और खेती की अधिकांश जिम्मेदारी अकेले संभालते थे। परिवार के अनुसार, उन पर करीब 30 हजार रुपये का कर्ज भी था और वह खेती के काम के बोझ को लेकर परेशान रहते थे।
यह भी पढ़े :- सुपेला में नशीली गोलियों के गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 1200 अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ 6 गिरफ्तार
घर में कीटनाशक सेवन के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, बुधवार को परदेसी राम ने घर में कीटनाशक का सेवन कर लिया। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
तीन एकड़ जमीन पर अकेले संभालते थे खेती
मृतक के बेटे सुनील कुमार के मुताबिक, परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। परिवार के पास करीब तीन एकड़ कृषि भूमि है। परदेसी राम खेती से जुड़े अधिकांश काम खुद ही संभालते थे। परिजनों का कहना है कि वह कई बार खेती का काम अधिक होने और जिम्मेदारी अकेले उठाने की बात कहते थे।
परिवार के सदस्यों ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि आगे सभी मिलकर खेती का काम संभालेंगे। इसके बावजूद वह खेती की जिम्मेदारियों को लेकर चिंतित रहते थे।
30 हजार रुपये के कर्ज की भी बात सामने आई
परिजनों के अनुसार, परदेसी राम पर करीब 30 हजार रुपये का कर्ज था। खेती की जिम्मेदारी और कर्ज को लेकर वह परेशान रहते थे। हालांकि, उन्होंने अपनी परेशानी के संबंध में परिवार के लोगों से विस्तार से चर्चा नहीं की थी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।




