रायगढ़। छाल थाना क्षेत्र में नाबालिग को बदनाम करने की धमकी देकर सुनसान मकान में ले जाने और दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गांव के ही छोटू राठिया (20) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- कर्ज और खेती के बोझ से परेशान किसान ने खाया कीटनाशक! इलाज के दौरान मौत
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की रात परिवार के सोने के बाद नाबालिग घर से बाहर चली गई थी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन सुबह वह खेत के पास बने एक सुनसान मकान में मिली। पूछताछ में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे रात करीब 9 बजे वहां ले गया था। उसके साथ जाने से इनकार करने पर उसने बदनाम करने की धमकी दी थी।
पीड़िता के मुताबिक, सुनसान मकान में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 127(2), 64 और पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत मामला दर्ज किया। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में पीड़िता का बयान दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गांव से हिरासत में लेकर पूछताछ की और गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




