दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं के कथित अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अटल आवास और आशाराम बापू आश्रम मैदान के आसपास नशीली गोलियों की बिक्री की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग को भी संरक्षण में लिया गया है।
यह भी पढ़े :- फेसबुक पर दोस्ती, शादी का वादा और फिर इनकार; युवक गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों पर सार्वजनिक स्थानों के आसपास युवाओं को प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में अल्प्राजोलम टैबलेट समेत मोबाइल फोन, नकदी और एयर गन बरामद की है।
1200 प्रतिबंधित टैबलेट बरामद
एएसपी भोजराज अग्रवाल के अनुसार, पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर घेराबंदी की और संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान 0.5 एमजी की 1200 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गईं।

इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 1,400 रुपये नकद और 2 एयर गन भी जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 99 हजार रुपये है।
युवाओं को नशीली गोलियां बेचने का आरोप
पुलिस का कहना है कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर युवाओं को नशीली गोलियां उपलब्ध कराकर अवैध कमाई कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस गिरोह के नेटवर्क और नशीली दवाओं की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c) और 22 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित गोलियां आरोपियों तक कहां से पहुंचती थीं और इनके जरिए किन-किन लोगों तक नशीली दवाओं की सप्लाई की जा रही थी।
एयर गन की भी होगी जांच
तलाशी के दौरान बरामद दोनों एयर गन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। पुलिस के अनुसार, एयर गन के तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। इनके संबंध में आवश्यक होने पर अलग से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
6 आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल शेख, योगेश कुमार साहू, अम्रन साहू, मयंक यादव, जानी यादव और समीर ठाकुर के रूप में की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




