राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता ताम्रध्वज साहू (Tamradhwaj Sahu) ने प्रदेश सरकार पर बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी को लेकर तीखा हमला बोला। राजनांदगांव प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने ढाई साल के कार्यकाल में पांचवीं बार बिजली की कीमतें बढ़ाकर आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
यह भी पढ़े :- चरित्र शंका में पति बना हैवान: पत्नी का मुंडन कर पिलाया पेशाब
साहू ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि गैर-घरेलू उपभोक्ताओं पर 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट अतिरिक्त भार डाला गया है। वहीं किसानों के कृषि पंपों पर भी 40 पैसे की वृद्धि की गई है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस बढ़ी हुई दर को तत्काल वापस ले।
स्मार्ट मीटर बने नई परेशानी
प्रेसवार्ता के दौरान ताम्रध्वज साहू ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़ गए हैं, जिससे आम लोग गंभीर आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
कांग्रेस का प्रदेशव्यापी विरोध
कांग्रेस नेता ने कहा कि Indian National Congress प्रदेशभर में बिजली दरों की बढ़ोतरी के खिलाफ आंदोलन कर रही है। प्रेसवार्ता, प्रदर्शन और विरोध कार्यक्रमों के जरिए सरकार पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में यह वृद्धि आम जनता के लिए असहनीय है और सरकार को जनहित में फैसला वापस लेना चाहिए।



