बलौदाबाजार, 15 जून। Corrupt Bank Manager : पति की मौत के बाद बैंक में जमा रकम निकालने पहुंची एक महिला ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ब्रांच मैनेजर पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि मृतक के खाते से रकम निकालने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले महिला अधिकारी ने पहले 10 हजार रुपए और बाद में 5 हजार रुपए की मांग की। अब कथित लेन-देन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया है।
मामला बलौदाबाजार जिले के निपनिया स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक शाखा का है। शिकायतकर्ता खेलन बाई सतनामी ने जनदर्शन में पहुंचकर कलेक्टर से मामले की शिकायत की है। उन्होंने बैंक की शाखा प्रबंधक अनीता पांडेय पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए वीडियो भी प्रशासन को सौंपा है।
महिला से 5 हजार लेते दिखीं बैंक मैनेजर
महिला ने बताया कि उनके पति रूपदास सतनामी का करीब एक वर्ष पहले निधन हो गया था। पति के बैंक खाते में लगभग 1 लाख 10 हजार रुपए जमा थे। खाते की राशि निकालने के लिए जब उन्होंने बैंक से संपर्क किया तो कथित तौर पर शाखा प्रबंधक ने प्रक्रिया पूरी करने के एवज में पहले 10 हजार रुपए मांगे। बाद में यह राशि 5 हजार रुपए कर दी गई।
बताया जा रहा है कि बैंक पहुंची महिला के साथ मौजूद एक ग्रामीण ने पैसों के लेन-देन का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में शाखा प्रबंधक महिला और उसके बेटे से बातचीत करती दिखाई दे रही हैं। बातचीत के दौरान रुपए की चर्चा भी सुनाई देती है। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इधर, भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी बैंक मैनेजर की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं। विधायक ने कहा कि क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने भी बैंक कार्यों में अनियमितता और रिश्वत मांगने की शिकायतें की हैं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



