बलरामपुर, 15 जून। Gangrape Case : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने युवती के फुफेरे भाई को बंधक बनाकर उसके सामने ही दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र के कोटराही जंगल की बताई जा रही है।
रिश्तेदार के घर जा रही थी युवती
जानकारी के अनुसार, बसंतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती रविवार दोपहर अपने फुफेरे भाई के साथ पैदल रिश्तेदार के घर जा रही थी। दोनों कोटराही जंगल के रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और पूछताछ के बहाने धमकाने लगे।
भाई को बांधा, युवती को जंगल में ले गए
आरोप है कि दोनों युवक युवती और उसके भाई को जबरन जंगल के अंदर ले गए। वहां उन्होंने युवक के हाथ-पैर बांधकर उसे बंधक बना लिया। इसके बाद युवती के साथ दुष्कर्म किया गया।
फोन कर बुलाया तीसरा साथी
पीड़िता के अनुसार, वारदात के दौरान आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी को भी फोन कर मौके पर बुलाया। तीसरे युवक ने भी युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत के बाद हरकत में आई पुलिस
घटना के बाद पीड़िता और उसका भाई किसी तरह वाड्रफनगर पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
तीनों आरोपी हिरासत में
वाड्रफनगर चौकी प्रभारी डाकेश्वर सिंह ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया है। सभी आरोपी कोटराही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पीड़िता और आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।



