रायपुर। बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत सोमवार को अपनी फिल्म भारत भाग्य विधाता की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल होने रायपुर पहुंचीं। राजधानी स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
यह भी पढ़े :- पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 480 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, कीमत 2 करोड़ से अधिक
एयरपोर्ट पर विधायक अनुज शर्मा, रायपुर महापौर मीनल चौबे सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। स्वागत के दौरान समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
फिल्म की पहली स्क्रीनिंग रायपुर के जोरा द मॉल में आयोजित की गई है। इस विशेष कार्यक्रम में विष्णु देव साय समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे और मीडिया प्रतिनिधियों तथा दर्शकों से संवाद करेंगे।
फिल्म भारत भाग्य विधाता वर्ष 2008 के मुंबई 26/11 आतंकी हमला की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में हमले के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों, सुरक्षा बलों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े कर्मचारियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और संघर्ष को प्रमुखता से दिखाया गया है।
कार्यक्रम को लेकर राजधानी में खासा उत्साह देखा जा रहा है। फिल्म जगत और राजनीतिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी के कारण यह आयोजन चर्चा का विषय बना हुआ है। आयोजकों के अनुसार स्क्रीनिंग के बाद कलाकारों और फिल्म से जुड़े लोगों के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया जा सकता है।
रायपुर में आयोजित इस विशेष स्क्रीनिंग को फिल्म के प्रचार अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है, जहां दर्शकों को फिल्म की कहानी और उसके संदेश से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।



