रायपुर। राजधानी रायपुर की टिकरापारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय महिला गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपिया के कब्जे से 16.434 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 8.21 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
यह भी पढ़े :- अर्थी सज चुकी थी, तभी हिलने लगा शरीर, अस्पताल पर लापरवाही के गंभीर आरोप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टिकरापारा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि रावणभाठा मैदान, भाठागांव बस स्टैंड के पास एक महिला अवैध गांजा बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा एवं सहायक पुलिस आयुक्त नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश कुमार मरई के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध महिला को पकड़ा। महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास से 16.434 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपिया ने बताया कि वह गांजा उड़ीसा से लाकर उत्तर प्रदेश ले जाने की फिराक में थी। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 501/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट 1985 के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार महिला की पहचान पूजा देवी सोनकर (40 वर्ष), पति शम्भू सोनकर, निवासी ग्राम चकरा, थाना राजगढ़, जिला गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपिया को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



