भिलाई/रायपुर। रायपुर के एक निजी अस्पताल से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल द्वारा मृत घोषित किए गए एक युवक के शरीर में अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय हरकत दिखाई देने का दावा परिजनों ने किया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े ;- UP में छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर हमला, ग्रामीणों ने चोर समझकर की पिटाई
जानकारी के अनुसार, भिलाई के पुरानी भिलाई स्थित देव बलोदा निवासी रामअवतार रात्रे 3 जून को घर के बाथरूम में गिरकर घायल हो गए थे। गंभीर चोट लगने के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए रायपुर के लोधीपारा चौक स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई और उपचार के दौरान कुछ समय बाद उन्हें मृत घोषित कर शव परिजनों को सौंप दिया।
एंबुलेंस में दिखी शरीर में हलचल
परिजनों के मुताबिक, अस्पताल से शव लेकर घर लौटते समय एंबुलेंस में रामअवतार के शरीर में अचानक हरकत दिखाई दी। उनका दावा है कि युवक के हाथ-पैर हिलने लगे, जिससे परिजन और एंबुलेंस में मौजूद लोग हैरान रह गए।
घटना के दौरान परिजनों ने एक वीडियो भी बनाया, जिसमें शरीर में हलचल दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच बदला घटनाक्रम
परिजनों के अनुसार, घर पर अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और अर्थी भी तैयार हो चुकी थी। इसी बीच शरीर में हरकत दिखाई देने के बाद अंतिम संस्कार रोक दिया गया।
इसके बाद परिजन रामअवतार को तत्काल रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। हालांकि बाद में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
अस्पताल प्रबंधन पर उठे सवाल
घटना के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि मरीज में जीवन के लक्षण मौजूद थे, तो उसे मृत घोषित करना बेहद गंभीर चूक है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल संबंधित निजी अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन भी मामले की जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं।
घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर व्यापक चर्चा हो रही है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।



