मुंगेली। जिले के लोरमी क्षेत्र में एक ही घर के भीतर महिला और पुरुष के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना खुड़िया वन क्षेत्र के पटपरहा गांव की है, जहां प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
यह भी पढ़े :- बेनकाब – बेख़ौफ़ सफेदपोश “विश्वास और आस्था” के हत्यारे : कब-कैसे-कहा होगा न्याय और क्या पहुंचेंगे सलाखों के पीछे ?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय संतराम बैगा का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला, जबकि 40 वर्षीय रामकली का शव भी उसी मकान से बरामद किया गया। शुरुआती तौर पर आशंका व्यक्त की जा रही है कि महिला की मौत किसी विषाक्त पदार्थ के सेवन से हुई हो सकती है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही खुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की चर्चा है। इसी आधार पर कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी कारणवश दोनों ने आत्मघाती कदम उठाया हो। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।



