रायपुर, 04 जून। Ambulance Waiting Issue : छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बस्तर संभाग से गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए राजधानी रायपुर के डीकेएस मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन यहां पहुंचने के बाद मरीजों को समय पर भर्ती नहीं किए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार बस्तर से पांच एम्बुलेंसों में मरीज देर रात रायपुर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की ओर से किसी जिम्मेदार अधिकारी या डॉक्टर ने मरीजों को तत्काल भर्ती कराने की पहल नहीं की। इस वजह से मरीजों और उनके परिजनों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
अस्पताल परिसर में खड़ी रहीं एम्बुलेंस
बताया जा रहा है कि तड़के सुबह तक सभी एम्बुलेंस डीकेएस अस्पताल की पार्किंग में खड़ी रहीं और मरीज भर्ती होने का इंतजार करते रहे। परिजनों का आरोप है कि गंभीर हालत के बावजूद मरीजों को तत्काल उपचार नहीं मिल सका।
डॉक्टर पर अभद्र व्यवहार का आरोप
एम्बुलेंस कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों से फोन पर संपर्क किया तो उन्हें कथित तौर पर डांटते हुए कहा गया, क्यों लाते हो बस्तर से यहां मरीज? इस कथित बातचीत के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के सामने आने के बाद प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और रेफरल सिस्टम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि सरकार भले ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही दिखाई दे रही है। फिलहाल इस मामले को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



