वाराणसी में पेट्रोल पंप पर पिस्टल के दम पर फ्री में पेट्रोल भरवाने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो युवकों ने पेट्रोल भरवाने के बाद कर्मचारियों को हथियार दिखाकर धमकाया और बिना पैसे दिए फरार हो गए। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़े :- विदेश दौरे से लौटते ही पीएम मोदी की अहम बैठक आज, सभी मंत्रियों को दिल्ली में रहने के निर्देश
जानकारी के मुताबिक घटना 16 और 17 मई की रात सिंधोरा थाना क्षेत्र के गड़खड़ा स्थित पेट्रोल पंप की है। देर रात बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो युवक पेट्रोल पंप पहुंचे और बाइक में पेट्रोल भरवाया। पेट्रोल भरने के बाद जब कर्मचारी ने पैसे मांगे तो एक युवक ने पिस्टल निकालकर उसे धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी कर्मचारियों को डराकर बिना भुगतान किए मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी ने सिंधोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मामले में हिस्ट्रीशीटर विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय और उसके साथी शनि सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सिंधोरा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट वाली बाइक और एक अवैध पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पेट्रोल भरवाकर पिस्टल के दम पर बिना पैसे दिए फरार होने की बात कबूल की है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर रही है।



