रायपुर। राजधानी में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट लगातार ड्रंक एंड ड्राइव अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत वर्ष 2026 में अब तक शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 3252 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
यह भी पढ़े :- पोंडी उपरोड़ा में सीईओ बदलाव पर सियासी विवाद, जनप्रतिनिधियों ने ‘सुशासन तिहार’ के बहिष्कार का किया ऐलान
यातायात पुलिस के अनुसार यह अभियान किसी निर्धारित लक्ष्य के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, लोगों के जीवन की सुरक्षा करने और यातायात अनुशासन को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
20 मई की रात विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 61 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते हुए पकड़े गए। यह कार्रवाई एडीसीपी यातायात डी.आर. पोर्ते के नेतृत्व में शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और क्षेत्रों में की गई।
चेकिंग के लिए शहर के तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका, भांठागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक और पंडरी थाना क्षेत्र सहित कुल 9 स्थानों पर विशेष टीमों की तैनाती की गई थी।
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए वाहनों में—
32 कार
15 मोटरसाइकिल
8 टाटा एस वाहन
2 मेटाडोर
4 ट्रक
शामिल हैं। सभी वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल कानून का उल्लंघन नहीं बल्कि स्वयं और सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डालता है। ऐसे मामलों में आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और जिम्मेदार चालक की भूमिका निभाएं। वाहन चलाते समय शराब सेवन से बचें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें।



