नई दिल्ली। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। पिछले पांच दिनों में यह दूसरी बार है जब तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। नई दरों के अनुसार पेट्रोल 86 पैसे और डीजल 83 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। इससे पांच दिनों में दोनों ईंधनों की कीमतों में करीब 4 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा हो चुका है।
यह भी पढ़े :- अधर्म के अंत के लिए होगा भगवान कल्कि का अवतार
इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये प्रति लीटर और डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। इससे पहले राजधानी में पेट्रोल 97.77 रुपये और डीजल 90.67 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था।
सीएनजी भी हुई महंगी
पेट्रोल-डीजल के साथ ही सीएनजी की कीमतों में भी हाल ही में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी के दाम 1 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाए गए हैं। इसके बाद दिल्ली में सीएनजी पहली बार 80 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई है। 15 मई को भी सीएनजी के दाम में 2 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई थी। नई दरों के अनुसार दिल्ली में सीएनजी 80.09 रुपये प्रति किलो और नोएडा में 88.70 रुपये प्रति किलो बिक रही है।
रोजमर्रा की जिंदगी पर बढ़ेगा असर
ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, ऑटो-रिक्शा चालकों और ऐप बेस्ड कैब ड्राइवरों के खर्च में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में परिवहन खर्च बढ़ने से अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों पर भी असर पड़ सकता है।
कच्चे तेल और कमजोर रुपये का असर
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान युद्ध के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 50 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले कई दिनों से कच्चे तेल के दाम 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बने हुए हैं।
वहीं डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया भी कमजोर होकर 96.23 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है। इससे कच्चे तेल के आयात पर खर्च बढ़ रहा है, जिसका असर घरेलू ईंधन कीमतों पर पड़ रहा है।
कच्चे तेल में मामूली नरमी
मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई। ब्रेंट क्रूड 2.11 फीसदी गिरकर 109.7 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि डब्ल्यूटीआई क्रूड 102.7 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा। हालांकि इंडियन बास्केट में 1.30 फीसदी की तेजी रही और यह 110.7 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।



