लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। जिले के छुरा विकासखंड के ग्राम पाटसिवनी में आयोजित सुशासन तिहार 2026 कार्यक्रम के दौरान राजिम विधायक रोहित साहू के बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। विधायक के कथित अभद्र बयान से नाराज पटवारी संघ ने कार्यक्रम के बहिष्कार की घोषणा करते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
यह भी पढ़े :- Congress Leadership : छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बड़ा संकेत…! टीएस सिंहदेव ने PCC चीफ बनने की जताई इच्छा…यहां सुनिए VIDEO
जानकारी के मुताबिक, 5 मई को आयोजित जनसभा में एक मौखिक शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक रोहित साहू ने मंच से ही पटवारियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। कार्यक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक कथित तौर पर पटवारियों को “जूता-चप्पल से मारने” जैसी बात कहते सुनाई दे रहे हैं, जिसके बाद राजस्व अमले में नाराजगी बढ़ गई है।
इस मामले में राजस्व पटवारी संघ, तहसील शाखा छुरा ने लिखित ज्ञापन जारी कर विधायक के बयान की निंदा की है। संघ का कहना है कि सार्वजनिक मंच से इस प्रकार की भाषा का प्रयोग न केवल अपमानजनक है, बल्कि राजस्व कर्मचारियों के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने वाला है।
पटवारी संघ ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि विधायक द्वारा मंच से अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किए जाने के विरोध में तहसील छुरा के सभी पटवारियों ने सुशासन तिहार 2026 का पूर्ण बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, इस पूरे मामले पर विधायक की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



