रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेयजल संकट एक बार फिर बड़ा मुद्दा बन गया है। नगर निगम के कई वार्डों में पानी की गंभीर समस्या को लेकर लोगों में आक्रोश देखने को मिला, खासकर जोन क्रमांक 8 के अंतर्गत आने वाले इलाकों में स्थिति और ज्यादा खराब बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- मतगणना के बीच PCC चीफ दीपक बैज का बड़ा आरोप: “बंगाल में बंदूक की नोक पर सत्ता छीनी गई”
गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत से परेशान स्थानीय लोगों ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। हालांकि नगर निगम की ओर से ट्रैक्टर-टैंकरों के जरिए पानी की आपूर्ति की जा रही है, लेकिन यह व्यवस्था जरूरत के मुकाबले नाकाफी साबित हो रही है।
इसी मुद्दे को लेकर गुढ़ियारी क्षेत्र के वार्डवासियों ने जोन क्रमांक 8 कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और उन्होंने हाथों में मटके लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से क्षेत्र में पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की समस्या बनी हुई है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने भी लोगों की समस्याओं का समर्थन करते हुए निगम प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।
फिलहाल स्थिति को देखते हुए प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है और क्षेत्र में पानी की समस्या के स्थायी समाधान की मांग तेज हो गई है।



