दंतेवाड़ा, 04 मई। Naxal Operation : बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के ग्राम तोडमा के घने जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक और प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई है।
जंगल से हथियारों का जखीरा बरामद
सूत्रों के अनुसार, 2 मई 2026 को मिली सटीक खुफिया सूचना के आधार पर CRPF की 195वीं वाहिनी और दंतेवाड़ा पुलिस की टीम ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान जंगल में छिपाकर रखा गया विस्फोटकों का बड़ा जखीरा जवानों के हाथ लगा।
बरामद सामग्री में 75 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, SLR और INSAS समेत विभिन्न बोर के सैकड़ों कारतूस, 7.62×39, 12 बोर, .303 ब्लैंक कारतूस, BGL खाली केस, 500 ग्राम विस्फोटक, जिलेटिन, सेफ्टी फ्यूज वायर शामिल हैं। इसके अलावा DMR और वायरलेस सेट, एक भरमार राइफल, बैटरियां, इलेक्ट्रिक वायर, कैमरा फ्लैश, यूरिया पाउडर और ग्रेनेड पिन भी जब्त किए गए हैं।
सुरक्षा बलों को मौके से नक्सली साहित्य (Naxal Operation) भी मिला है, जिससे किसी बड़ी साजिश की आशंका जताई जा रही है। ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद सभी जवान सुरक्षित लौट आए हैं। पुलिस ने बरामद सामग्री का जब्ती पंचनामा तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



