रायपुर । छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पश्चिम बंगाल के चुनावी रुझानों को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में भाजपा का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और पश्चिम बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्य में भी पार्टी ने मजबूत स्थिति हासिल की है।
यह भी पढ़े :- चुनावी रुझानों पर CM साय की प्रतिक्रिया, BJP की बढ़त को बताया जनता के भरोसे की जीत
उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2016 में जहां भाजपा की शुरुआत केवल 3 सीटों से हुई थी, वहीं 2021 में यह आंकड़ा बढ़कर 77 सीटों तक पहुंच गया। अब 2026 के रुझानों में पार्टी 293 में से लगभग 193 सीटों पर बढ़त की ओर है।
ओपी चौधरी ने शुरुआती रुझानों के आधार पर जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता ने इस बार सीधे तौर पर भाजपा के पक्ष में समर्थन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले वोटिंग प्रक्रिया को लेकर कई तरह की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिनका असर चुनावी परिणामों पर पड़ता था।
उन्होंने यह भी कहा कि इस बार चुनावी प्रक्रिया में सुधार और सख्ती के चलते परिणामों में पारदर्शिता दिख रही है, जिससे भाजपा को फायदा मिला है। इसे उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती का संकेत बताया।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अंतिम नतीजे आने अभी बाकी हैं, लेकिन शुरुआती रुझानों ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव दिखाया है।



