Assembly Election Results 2026 : विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इसे “ऐतिहासिक और अभूतपूर्व” दिन बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि भारत के लोकतंत्र, संविधान और संस्थाओं की भी जीत है।
यह भी पढ़े :- कांकेर: शहीद संजय गढ़पाले की अधूरी रह गई खुशियां, एक महीने पहले हुई थी सगाई
प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में रिकॉर्ड मतदान लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि बंगाल में 93 प्रतिशत मतदान अपने आप में ऐतिहासिक है, वहीं असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। (Assembly Election Results 2026)
चुनाव आयोग और सुरक्षा बलों को सराहना
पीएम मोदी ने भारत निर्वाचन आयोग, मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
असम में BJP की जीत की हैट्रिक
प्रधानमंत्री ने असम में भाजपा-एनडीए की लगातार तीसरी जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह राज्य की जनता के भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने इसे “मां कामाख्या के आशीर्वाद” से जुड़ी उपलब्धि बताया।
‘आज भयमुक्त हुआ बंगाल’
पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता ने भाजपा को अवसर देकर एक नए युग की शुरुआत की है। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि उनका सपना आज साकार होने की दिशा में बढ़ा है।
“आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है, विकास के भरोसे से युक्त हुआ है,” उन्होंने कहा।
‘बंगाल में बदला नहीं, बदलाव’
प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि राज्य में हिंसा की राजनीति को खत्म किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “जब भाजपा जीती है, तो बदला नहीं, बदलाव की बात होनी चाहिए। भय नहीं, भविष्य की बात होनी चाहिए।”
‘बंगाल में नया सूर्योदय’
पीएम मोदी ने इस जीत को “नए सूर्योदय” की संज्ञा देते हुए कहा कि यह केवल सीटों की संख्या नहीं, बल्कि जनता के विश्वास की जीत है, जिसने डर और हिंसा की राजनीति को पीछे छोड़ा है।
BJP मुख्यालय में जश्न
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में जीत के बाद भाजपा मुख्यालय में भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं को संदेश
भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि जनता के समर्थन से पार्टी को नई ताकत मिली है। (Assembly Election Results 2026)



