धमतरी। जिले के बोरई थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वीडियो में थाना प्रभारी द्वारा एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी स्तर के राजपत्रित अधिकारी से जांच शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़े :- बोरे बासी दिवस” पर सियासी घमासान, गजेंद्र यादव ने भूपेश बघेल पर साधा निशाना
पुलिस के मुताबिक, यह घटना 1 मई 2026 की है। जिले में अवैध गांजा तस्करी पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर संवेदनशील स्थानों पर नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बोरई थाना क्षेत्र में उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।
वाहन नहीं रोकने पर पीछा
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया। इसके बाद थाना प्रभारी ने उसका पीछा कर बाजार क्षेत्र में वाहन रुकवाया। पुलिस का कहना है कि चालक ने कार्रवाई के दौरान अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
वीडियो आंशिक होने का दावा
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो घटना का आंशिक हिस्सा है, जिसमें पूरी परिस्थिति नहीं दिखाई गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई गई है कि संबंधित व्यक्ति ने कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से वीडियो वायरल किया हो सकता है।
जांच जारी, कार्रवाई संभव
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों और मीडिया से अपील की है कि अधूरी या भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



