रायपुर। छत्तीसगढ़ में “बोरे बासी दिवस” को लेकर राजनीतिक बयानबाजी एक बार फिर तेज हो गई है। 1 मई श्रमिक दिवस के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा मिट्टी के बर्तन में बोरे बासी खाकर इसे मनाने के बाद अब भाजपा नेताओं ने इस पर कड़ा पलटवार किया है। इसी कड़ी में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने इसे “प्रोपेगेंडा” बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
यह भी पढ़े :- चुनावों पर डिप्टी CM अरुण साव का दावा: असम-पुडुचेरी में BJP सरकार तय, बंगाल में बदलाव की लहर
रविवार को पश्चिम बंगाल रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में गजेंद्र यादव ने कहा कि मिट्टी के बर्तन में बोरे बासी खाना सिर्फ दिखावा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पिंडदान और पितृ भोज में भी मिट्टी के बर्तन का इस्तेमाल होता है, ऐसे में सवाल उठता है कि क्या यह कोई राजनीतिक संदेश देने की कोशिश थी या फिर किसी प्रकार का प्रदर्शन।
मंत्री ने यह भी कहा कि “बोरे बासी” छत्तीसगढ़ की परंपरागत भोजन संस्कृति का हिस्सा है, लेकिन इसे राजनीतिक कार्यक्रम के रूप में प्रस्तुत करना उचित नहीं है। उनके मुताबिक कांग्रेस लंबे समय से प्रतीकात्मक राजनीति करती आ रही है और यह आयोजन भी उसी रणनीति का हिस्सा है।
इसी दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनावों को लेकर भी बड़ा दावा किया। गजेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा आगामी चुनावों में शानदार प्रदर्शन करेगी और कई राज्यों में सरकार बनाएगी। उनके अनुसार पश्चिम बंगाल में भी इस बार राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा।
मंत्री ने राज्य सरकार की एक नई योजना की घोषणा करते हुए बताया कि 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में आने वाले छात्रों को 1.5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उनका कहना है कि इससे मेधावी छात्रों को आगे की पढ़ाई में मदद मिलेगी और वे बेहतर भविष्य की ओर बढ़ सकेंगे।
इसके अलावा, उन्होंने पिछली सरकार पर बच्चों को हेलीकॉप्टर यात्रा जैसी प्रतीकात्मक योजनाओं के जरिए राजनीति करने का आरोप लगाया। गजेंद्र यादव ने कहा कि वर्तमान सरकार सीधे आर्थिक सहायता देकर छात्रों और उनके परिवारों को वास्तविक लाभ पहुंचाने पर काम कर रही है।



