बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। देर रात घर से बाहर घूमने और गलत संगत में पड़ने से रोकने पर एक युवक ने अपनी 65 वर्षीय दादी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने घर में रखे खाट के लकड़ी के पाए से बुजुर्ग महिला के सिर पर एक के बाद एक कई वार किए। गंभीर चोट लगने से दादी की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़े :- रायपुर में 4 करोड़ की रंगदारी और मारपीट का मामला, अनवर ढेबर समेत 6 पर FIR
वारदात के बाद भी आरोपी के व्यवहार ने सभी को हैरान कर दिया। वह हत्या करने के बाद कमरे में दादी के शव के पास बैठा रहा और खुद ही अपने पिता व रिश्तेदार को फोन कर हत्या की जानकारी दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया। दिल दहला देने वाली यह घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी की है।
दादी के साथ रहता था पोता, माता-पिता कमाने गए थे बाहर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहर्सी के सतनामीपारा निवासी नरबदा कोशले अपने पोते मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले के साथ रहती थीं। उनके पति तिरिथराम का पहले ही निधन हो चुका था। वहीं, उनका बेटा साजन कोशले अपने परिवार के साथ रोजी-रोटी कमाने के लिए उंटी गया हुआ था। इस वजह से घर में बुजुर्ग महिला और उनका पोता ही रहते थे।
बताया गया है कि माता-पिता की गैरमौजूदगी में बब्बू अक्सर देर रात तक घर से बाहर घूमता रहता था। उसकी इस आदत को लेकर दादी चिंतित रहती थीं। वह उसे गलत संगत से दूर रखने और किसी अनहोनी से बचाने के लिए बार-बार समझाती थीं। रात में बाहर जाने से रोकने को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी भी होती थी।
रोक-टोक से नाराज पोते ने खाट के पाए से किया हमला
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी नरबदा कोशले ने अपने पोते को देर रात घर से बाहर जाने से मना किया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आकर मृत्युंजय ने घर में रखे खाट के लकड़ी के पाए को उठाया और अपनी दादी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जिस पोते को दादी गलत संगत से बचाने और अनुशासन में रखने की कोशिश कर रही थीं, उसी ने उनकी जान ले ली।
हत्या के बाद शव के पास बैठा रहा, पिता को खुद दी जानकारी
हत्या करने के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद वह दादी के शव के पास ही बैठा रहा। कुछ देर बाद उसने अपने पिता साजन कोशले और दादी के भाई भगवत महिलांगे को फोन किया।
फोन पर उसने खुद दादी की हत्या करने की बात बताई। साथ ही हत्या की वजह भी बताई कि दादी उसे रोज रात में बाहर घूमने जाने से रोकती थीं।
खिड़की से झांका तो कमरे में पड़ा था बहन का शव
आरोपी का फोन आने के बाद भगवत महिलांगे तत्काल लोहर्सी स्थित घर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। काफी आवाज लगाने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खिड़की से कमरे के अंदर झांककर देखा।
अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में उनकी बहन नरबदा कोशले का शव पड़ा था। इसके बाद उन्होंने बिना देर किए पुलिस और डायल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पचपेड़ी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार किया
पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी ने कमरे का दरवाजा खोल दिया और खुद बाहर आकर पुलिस वाहन में बैठ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर पुलिस ने आरोपी मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद, हत्या के कारण और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।




