रायगढ़। तमनार थाना पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लखन कुमार पटनायक (37) निवासी भिलाईनगर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर मैट्रिमोनियल साइट के जरिए युवती से संपर्क कर खुद को रेलवे में जूनियर इंजीनियर (जेई) बताकर शादी का झांसा देने और दुष्कर्म करने का आरोप है।
यह भी पढ़े :- शादी से पहले कांग्रेस नेता गिरफ्तार: दुष्कर्म के आरोप में प्रेमिका की शिकायत पर कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 33 वर्षीय पीड़िता ने 23 अप्रैल को थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान आरोपी से एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से हुई थी। आरोपी ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताते हुए उससे नजदीकियां बढ़ाईं और विवाह का आश्वासन देता रहा।
पीड़िता के अनुसार, 14 दिसंबर 2025 को आरोपी तमनार स्थित उसके घर पहुंचा। उस समय घर में कोई नहीं था, जिसका फायदा उठाकर उसने शादी का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी आरोपी लगातार विवाह का प्रलोभन देकर संबंध बनाता रहा।
जब पीड़िता के परिजनों ने सगाई और विवाह की बात आगे बढ़ाई, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में उसने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी करने से इंकार कर केवल कोर्ट मैरिज की बात कही। मार्च 2026 में कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन भी किया गया, लेकिन इसके बाद आरोपी ने संपर्क समाप्त कर दिया और अंततः शादी से साफ इनकार कर दिया।
शिकायत के आधार पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत धारा 69 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम रायपुर पहुंची और वहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



