कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जिला किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रवि चंद्रवंशी को दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने शादी से ठीक पहले गिरफ्तार कर लिया। युवती की शिकायत पर रायपुर पुलिस की मदद से आरोपी को हिरासत में लेकर कवर्धा लाया गया।
यह भी पढ़े :- “मन की बात” में छत्तीसगढ़ का जिक्र गौरव का विषय: मुख्यमंत्री साय
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर कई वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया। प्रारंभिक जांच में आरोपों को गंभीर पाते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि आरोपी की शादी 7 मई को तय थी और घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। इसी बीच गिरफ्तारी की खबर से परिवार में खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि वर्ष 2016 से आरोपी ने शादी का भरोसा देकर करीब 10 साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कवर्धा के डीएसपी आशीष शुक्ला ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया था। आरोपी के घर पर नहीं मिलने के बाद पुलिस को उसके रायपुर में होने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने वहां दबिश देकर शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल, पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। मामले में दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच जारी है।



