दुर्ग। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने एक संगठित अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह गोवा, रायपुर और दुर्ग सहित कई राज्यों में फर्जी सिम कार्ड और म्यूल बैंक अकाउंट्स के जरिए अवैध सट्टा संचालन कर रहा था।
यह भी पढ़े :- रायपुर में राइस मिलर्स पर सख्ती: 30 अप्रैल तक चावल जमा नहीं तो कार्रवाई तय
थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में दर्ज अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत यह कार्रवाई की गई। इससे पहले इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था, जिसके बाद तकनीकी और वित्तीय जांच के आधार पर गिरोह के ऊपरी नेटवर्क तक पुलिस पहुंची और 5 और आरोपी पकड़ में आए।
गिरफ्तार आरोपी:
राहुल रंगवानी (26), देवपुरी रायपुर
सोविंद यादव उर्फ राजू यादव (26), प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)
संदीप कापसे (25), गोंदिया (महाराष्ट्र)
अमन अली (23), खुर्सीपार, भिलाई
हुसैन अली (21), खुर्सीपार, भिलाई
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए संपर्क में रहकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। इसके लिए फर्जी सिम और बैंक खातों का उपयोग किया जाता था।
गिरोह प्रतिदिन करीब 10 से 15 लाख रुपये का लेन-देन करता था, जबकि आईपीएल सीजन में यह कारोबार बढ़कर 4 से 5 करोड़ रुपये प्रतिमाह तक पहुंच जाता था।
बरामद सामग्री:
पुलिस ने आरोपियों से 3 लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 45 बैंक पासबुक, 76 एटीएम कार्ड, 10 चेक बुक, वाई-फाई राउटर, सिम कार्ड, आधार-पैन कार्ड और ₹2.70 लाख नकद जब्त किए हैं।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराध से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



