रायपुर (तिल्दा-नेवरा)। बिजली वायर चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तिल्दा-नेवरा पुलिस ने एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 7 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
यह भी पढ़े :- Gyanesh Kumar Controversy : राज्यसभा में गरमाई सियासत…! 73 सांसदों ने CEC हटाने का नोटिस दिया
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने तिल्दा-नेवरा और खरोरा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में बिजली पोल तोड़कर वायर चोरी की कम से कम 5 घटनाओं को अंजाम दिया था। मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम कोनारी में किसानों के पंप कनेक्शन की लाइन क्षतिग्रस्त पाई गई और तार चोरी हो गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी देव प्रसाद पारधी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में उसने अपने साथियों—मनमोहन नारंग, हेमलाल धृतलहरे और पंकज कुमार टंडन—के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5500 मीटर एल्यूमिनियम वायर, 30 मीटर केबल, व्ही क्रॉस एंगल, कटर मशीन, एक ओमनी कार और एक दोपहिया वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ थाना तिल्दा-नेवरा और खरोरा में बीएनएस की धाराओं और लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत कुल 5 प्रकरण दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।



