जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। बोधघाट थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल्स की बिक्री करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से करीब 9 लाख 60 हजार रुपये मूल्य की खेप बरामद की गई है।
यह भी पढ़े :- एर्राबोर पोटाकेबिन दुष्कर्म मामला: छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला, उम्रकैद घटाकर 20 साल की सजा
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि गंगामुंडा तालाब के किनारे स्थित चौपाटी क्षेत्र में दो व्यक्ति बैग में अवैध नशीली दवाएं लेकर ग्राहक की तलाश में खड़े हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने मौके पर पहुंचकर संदेह के आधार पर दो व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान राजेश यादव (50 वर्ष), निवासी तेतरखूंटी, जगदलपुर और मोनू गुप्ता (26 वर्ष), निवासी गांधीनगर वार्ड, जगदलपुर के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान उनके बैग से प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल्स की 100 स्ट्रिप्स, कुल 2400 नग कैप्सूल बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 9.60 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के पास से 960 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर एनडीपीएस कोर्ट, जगदलपुर में पेश किया गया।



