Strait of Hormuz : मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने शनिवार (18 अप्रैल) को यहां से गुजर रहे एक भारतीय जहाज को रोकते हुए तत्काल वापस लौटने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े :- Viral wedding : बारात लेकर पहुंची दुल्हन, विदाई में फूट-फूटकर रोया दूल्हा
मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय जहाज के कैप्टन और ईरानी नौसेना अधिकारी के बीच हुई बातचीत का एक ऑडियो सामने आया है। इसमें ईरानी अधिकारी स्पष्ट रूप से कहते सुनाई दे रहे हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही पर फिलहाल रोक है और जहाज को तुरंत अपने पोर्ट पर लौटना होगा।
ऑडियो में भारतीय कैप्टन निर्देश दोहराते हुए कहते हैं, “ठीक है, मैं पुष्टि करता हूं कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद है।” इस पर ईरानी अधिकारी जवाब देते हैं, “जी, तुरंत वापस जाएं।”
बताया जा रहा है कि ‘भाग्य लक्ष्मी’ नामक भारतीय जहाज ने इसके बाद अपना रास्ता बदल लिया। जहाज के क्रू ने इस पूरी बातचीत को साझा किया है।
गोलीबारी की भी खबर
इस घटना से पहले ईरानी गनबोट्स द्वारा भारतीय झंडे वाले दो जहाजों पर फायरिंग की भी सूचना है। ये जहाज इराकी तेल लेकर जा रहे थे। हालांकि, इस फायरिंग में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
भारत सरकार ने जताई कड़ी आपत्ति
घटना को गंभीरता से लेते हुए विदेश मंत्रालय ने नई दिल्ली में ईरान के राजदूत को तलब किया। अधिकारियों ने इस कार्रवाई पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि भारतीय जहाजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विदेश सचिव ने स्पष्ट किया कि होर्मुज में भारतीय जहाजों पर फायरिंग बेहद गंभीर मामला है। साथ ही उन्होंने यह भी याद दिलाया कि पूर्व में ईरान ने भारत आने वाले जहाजों को सुरक्षित मार्ग प्रदान किया था और इस बार भी सहयोग की अपेक्षा की जा रही है। (Strait of Hormuz)



