रायपुर। असम दौरे से लौटे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि असम की जनता ने अब परिवर्तन का मन बना लिया है और “नया असम” बनाने का संकल्प ले चुकी है। बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा के पास अब जनता को देने के लिए कुछ नया नहीं बचा है, इसी कारण उनके नेता बौखलाए हुए हैं।
यह भी पढ़े :- RTE पर सियासी संग्राम: कांग्रेस का हल्ला बोल, नर्सरी एडमिशन को लेकर सरकार घिरी
पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
पवन खेड़ा के घर पुलिस पहुंचने के मामले पर उन्होंने कहा कि आचार संहिता लागू होने के बावजूद पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं होती, जबकि भाजपा की शिकायत पर तत्काल पुलिस सक्रिय हो जाती है।
हेमंत बिस्वा सरमा पर तीखी टिप्पणी
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर बघेल ने कहा कि सार्वजनिक मंच से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।
धर्म स्वातंत्र्य विधेयक पर प्रतिक्रिया
राज्यपाल द्वारा विधेयक पर हस्ताक्षर किए जाने के मामले में बघेल ने कहा कि पूर्व में भी रमन सिंह के कार्यकाल में ऐसा विधेयक राष्ट्रपति के पास से वापस आया था। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में चल रहे मामलों को देखते हुए आगे स्थिति स्पष्ट होगी।
सीएम साय की पीएम से मुलाकात पर सवाल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात पर बघेल ने सवाल उठाते हुए कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा बस्तर के गांवों के लिए घोषित एक करोड़ रुपये की राशि की मांग की गई या नहीं, यह स्पष्ट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि इस पर चर्चा नहीं हुई, तो मुलाकात का कोई विशेष महत्व नहीं है।
खड़गे के बयान पर भाजपा को घेरा
# के बयान पर भाजपा द्वारा उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए बघेल ने कहा कि यह भाजपा के “मानसिक दिवालियापन” को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केरल देश का सबसे साक्षर राज्य है और सभी राज्यों को उससे सीख लेनी चाहिए।
बघेल ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में 10 हजार स्कूल बंद कर दिए गए हैं और भाजपा शासित राज्यों में “पाठशाला बंद, मधुशाला चालू” जैसी स्थिति बन गई है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के बजाय सरकार गलत दिशा में काम कर रही है, जिसका असर आने वाले समय में देखने को मिलेगा।



