रायपुर: अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब छत्तीसगढ़ के निर्यात कारोबार पर भी साफ दिखने लगा है। राज्य का करीब 20 हजार करोड़ रुपए का एक्सपोर्ट संकट में आ गया है और स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण होती जा रही है।
यह भी पढ़े :- Jaggi Murder Case : अमित जोगी को उम्रकैद…! CM बोले- देर से आया लेकिन दुरुस्त फैसला
सबसे अधिक प्रभाव चावल निर्यात पर पड़ा है। दुबई और अमेरिका भेजा जाने वाला प्रीमियम चावल बंदरगाहों और राइस मिलों में फंसा हुआ है। खाड़ी देशों की ओर जाने वाले समुद्री मार्ग प्रभावित होने से निर्यात लगभग ठप हो गया है।
यह समस्या फरवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू हुई थी, जो अब अप्रैल तक और गंभीर हो चुकी है। राइस मिलर्स और व्यापारी दोनों दबाव में हैं, क्योंकि महंगा चावल बिक नहीं पा रहा और स्टॉक लगातार बढ़ता जा रहा है।
हालांकि अफ्रीका की ओर निर्यात से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन छत्तीसगढ़ का प्रमुख बाजार खाड़ी देश ही हैं, जहां फिलहाल निर्यात पर असर बना हुआ है।
राज्य के निर्यात में चावल की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। इसके अलावा एल्युमिनियम, आयरन-स्टील और अन्य धातुओं का भी निर्यात होता है। मौजूदा हालात ने पूरे व्यापार को अनिश्चितता में डाल दिया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय तनाव कम नहीं होगा, तब तक स्थिति में सुधार की संभावना कम है। यदि हालात लंबे समय तक ऐसे ही बने रहे, तो इसका सीधा असर किसानों से लेकर उद्योगों तक सभी पर पड़ेगा।



