महासमुंद। नारकोटिक्स तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 281.900 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 40 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है। मामले में महाराष्ट्र के 5 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़े :- अंबिकापुर घटना पर टीएस सिंहदेव का सरकार पर हमला, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
जानकारी के अनुसार, ओडिशा से गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 रेहटीखोल रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान दो संदिग्ध वाहनों — एक फॉर्च्यूनर (MH 12 WC 0090) और एक स्कार्पियो (MH 12 YH 0090) को रोका गया।
वाहनों की तलाशी लेने पर बोरियों में छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के फुलबनी जिले से पुणे (महाराष्ट्र) ले जा रहे थे।
जब्त की गई सामग्री
पुलिस ने गांजे के साथ परिवहन में इस्तेमाल की गई दोनों गाड़ियों को भी जब्त कर लिया है। इनमें फॉर्च्यूनर की कीमत करीब 40 लाख रुपये और स्कार्पियो की कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 4 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
कुल जब्त सामग्री की कीमत 2 करोड़ 6 लाख 45 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी
प्रशांत शंकर गोले (38 वर्ष)
क्षितिज वीरसेन जाधव (21 वर्ष)
अक्षय नंदकुमार निगम (27 वर्ष)
अभिषेक डेविड जगले (26 वर्ष)
महेश काटकर (39 वर्ष)
सभी आरोपी महाराष्ट्र के निवासी हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



